अहरौरा। पिकअप वाहन पर लदा पेंट का सामान व 75 बोरी वॉल पुट्टी लेकर चला चालक रास्ते में रहस्यमय परिस्थितियों में अहरौरा क्षेत्र के हिनौता गांव के पास से वाहन छोड़कर माल सहित लापता हो गया। लापता चालक की खोजबीन में जुटे परिजनों ने अहरौरा थाने पर मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया परंतु सफल नहीं हो सके थक हार कर परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से प्रकरण में गुहार लगाई। एसपी के आदेश से बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया। परिजनों ने बताया कि सोमवार को जौनपुर के त्रिलोचन महादेव से ओबरा के लिए पिकअप वाहन पर पेंट का सामान व 75 बोरी वॉल पुट्टी लादकर वाहन चालक अमरदीप केसरी पुत्र रिंकू केसरी निवासी सिकंदरपुर थाना चकिया वाराणसी पार कर ओबरा के लिए निकला, पर अहरौरा स्थित हिनौता गांव के पास सड़क के किनारे खाली पिकअप वाहन लावारिस हालत में मिली। चार दिनों तक परिजन मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने का चक्कर काटते रहे, पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जा सका। मामले में पुलिस अधीक्षक अजय सिंह से गुहार लगाने पर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश हुआ। ट्रांसपोर्टर की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।