मिर्जापुर। बार-बार मौखिक व लिखित रूप से चेतावनी देने के बावजूद भी अधिकारियों के द्वारा कार्यालय समय से न पहुंचने पर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने शुक्रवार को भी अधिकारियों की उपस्थिति की जांच की। शुक्रवार को सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीडी गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद और एआरटीओ विजय प्रकाश सिंह की वीडियो कालिंग के माध्यम से उपस्थिति जानी। मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपस्थित थे। एआरटीओ विजय प्रकाश सिंह साढ़े 10 बजे के बाद कार्यालय पहुंचे। इस पर उनका एक दिन का वेतन काटने एवं दो दिवस के अंदर स्पष्टीकरण देने का जिलाधिकारी ने निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जिले के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्यालय में सुबह 10 बजे पहुंचे और आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि वीडियो कालिंग के द्वारा कार्यालय समय से पहुंचने के बारे में जानकारी ली जायेगी। आगे से यदि कोई अधिकारी बिना किसी सूचना के कार्यालय में समय से नहीं पहुंचता है तो उसके विरुद्ध वेतन रोकने के अलावा विभागीय कार्यवाही की जाएगी।