हलिया। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के अपहरण मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी बुधवार की देर शाम साढ़े सात बजे के करीब वह घर के बरामदे में बैठी थी। उसके परिजन बगल में लगी आग को बुझाने के लिए गए थे। इस दौरान किशोरी का बाइक सवारों ने अपहरण कर लिया। परिजनों ने खोजबीन करने के बाद भी किशोरी का पता नहीं चलने पर हलिया थाने में फोन कर सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस पूरी रात खोजबीन करती रही, लेकिन किशोरी का कहीं पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार की दोपहर में किशोरी बेहोशी हालत में गांव में ही घर से 50 मीटर दूर एक खेत में मिली। सूचना पर पहुंच परिजन उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुक्रवार को सीओ लालगंज उमाशंकर ने अस्पताल पहुंच कर किशोरी का बयान लिया। इसके बाद पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ उमाशंकर ने बताया कि किशोरी का बयान लेने पर उसने बताया कि दो बाइक सवार तीन युवक उसका अपहरण कर ले गए थे। इस दौरान उसे बेहोश किया गया था। फिर खेत में छोड़ गए। किशोरी के बयान पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।