कलवारी। मड़िहान थाना क्षेत्र के सेमरी और खुटारी गांव के बीच नहर के पास सराफा व्यवसायी से हुई लूट की घटना में पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पहले पुलिस ने लूट की घटना से इंकार करते हुए पुरानी रंजिश की बात कही थी। इस बीच पुलिस ने बुधवार को सराफा व्यवसायी का दुकान खोलवा कर उसमें लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच पड़ताल की।
मड़िहान थाना क्षेत्र के दारानगर कलवारी निवासी अजीत केसरी व उनके भाई अजय केसरी की कलवारी चौराहा के पास आभूषण की दुकान है। प्रतिदिन की तरह बीते सोमवार को दुकान बंद करके दोनों भाई शाम को करीब छह बजे कार से घर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में सेमरी और खुटारी गांवों के बीच नहर के पास काले रंग की कार से ओवर टेक करते हुए आगे आए चार बदमाशों ने सराफा व्यवसायी की गाड़ी रोक दी। बदमाश अजय को गोली मारकर उसके पास से गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने पहले घटना को पुरानी रंजिश में मारपीट होने की बात कही। इसके बाद सराफ व्यवसायी अजित ने पुलिस पर झूठा बयान देने का आरोप लगाया था। सराफा व्यवसायी ने बताया कि 30 हजार नकद समेत 30 लाख रुपये की हुई लूट के मामले में पुलिस ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस छानबीन में जुटी है। बुधवार को दुकान का शटर खोलकर अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच पड़ताल की। छानबीन के बाद पुलिस की टीमें आस-पास के जिलों के लिए रवाना हुईं। एएसपी ऑपरेशन ओपी सिंह का कहना है कि चार अज्ञात लोगाें पर लूट का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। हर एंगल पर टीमें जांच कर रही हैं। 10 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। जांच अभी जारी है। जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
.....................................................