स्थानीय थाना क्षेत्र के कुशियरा गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम हुई मारपीट में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। मौके पर पंहुची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में लग गई।
प्रथम पक्ष से कुशियरा गांव निवासी रमाशंकर पटेल ने तहरीर देकर बताया कि खेत में मवेशी के विवाद को लेकर गांव के ही रामऔतार, रामलखन, रामचंद्र गाली गलौज देने लगे। मना करने पर लाठी-डंडे से मारने पीटने लगे। बचाव के लिए आए रामअजोर को भी घायल कर दिया। जिस पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरे पक्ष के रामऔतार ने तहरीर देकर बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही रमाशंकर व रामअजोर गाली देते हुए मारने पीटने लगे। जिससे उसे और उसके पिता रामचंद्र को चोटें आई है। जिस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा कर मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दोनोंपक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।