पड़री। थाना क्षेत्र के डगमगपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को देर रात कार की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। इस हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और कार सवार अधिवक्ता की मौत हो गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना री। अधिवक्ता का शव कार के बाहर पड़ा था और कार सवार का साथी लापता है। इस बात को लेकर परिजनों ने हादसे पर आशंका जताई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा भिस्कुरी गांव निवासी मनोज कुमार गौतम (39) पेशे से अधिवक्ता थे। वे प्लाटिंग का काम करने के साथ ही हाईवा चलवाते थे। वे रविवार को कार से बरकछा निवासी एक व्यक्ति को साथ लेकर अपनी बहन आरती के घर उस्मानपुर चुनार गए थे। वे कार से देर रात घर लौट रहे थे। रास्ते में पड़री थाना क्षेत्र के डगमगपुर के पास सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। कार आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। उधर से जा रहे राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। शिनाख्त होने पर पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। मनोज के पुत्र अनुज कुमार की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मनोज का शव गाड़ी के बाहर पड़ा था। उनसे दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के मामा रामलाल ने बताया कि मनोज अपने साथ बरकछा निवासी एक व्यक्ति को लेकर गए थे। हादसे के बाद उस व्यक्ति का पता नहीं चल सका है। अगर गाड़ी में वह साथ आया तो घायल हुआ होगा। वह घर पर भी नहीं है। गाड़ी आगे से क्षतिग्रस्त हुई है। एयर बैग खुला हुआ है, परंतु शव बाहर मिला है। इसलिए हादसे पर आशंका हो रही है। साथ गया व्यक्ति सामने आकर बताए तो हादसे के बारे में पता चले। थानाध्यक्ष अजित श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में कार सवार की मौत हुई है। परिजनों ने आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।