कछवां। बधवां गांव के सामने सोमवार को दोपहर में कार की टक्कर से बाइक सवार राजगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार सवार मौका पाकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को कछवां सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जमुआ गांव निवासी अवधेश पटेल (25) अपनी बाइक से कछवां बाजार की तरफ काम के सिलसिले में जा रहे थे। रास्ते मे बधवां गांव के सामने कछवां की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार अवधेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कार का एयरबैग खुल जाने से उसमें सवार सभी लोग बच गए। हादसे के बाद कार सवार मौके से भाग गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को कछवां सीएचसी ले जाया गया। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। अवधदेश राजगीर का काम करते थे। वे चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष संजीत बहादुर सिंह ने बताया कि कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। कार सवार लोगों की तलाश की जा रही है।