पड़री के टेढ़ा गांव के पास हादसे में टकराई कार और एंबुलेंस । स्रोत- सोशल मीडिया
भाई का शव लेकर नालंदा जा रहे थे मनोज, मप्र के सतना से आ रहे थे कार सवार
पड़री। मिर्जापुर-वाराणसी राजमार्ग पर रविवार सुबह टेढ़ा गांव के पानी टंकी के समीप सड़क किनारे खड़ी एंबुलेंस में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में मां का अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट करने जा रहे सतना के मुख्तियारगंज निवासी धनंजय सिंह (52), संजय सिंह (50) और प्रीतोष सिंह (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को पीएचसी पड़री पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को मंडलीय अस्पताल मिर्जापुर के लिए रेफर कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक नालंदा के मानपुर के गोंड़ी निवासी मनोज पासवान अपने भाई धनराज का शव एंबुलेंस से लेकर घर जा रहे थे। पड़री बाजार के पास पहुंचने पर एंबुलेंस का टायर पंचर हो गया। चालक सड़क किनारे एंबुलेंस खड़ी कर टायर बदल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने एंबुलेंस में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार मध्य प्रदेश सतना जनपद के मुख्तियारगंज निवासी धनंजय, संजय और प्रीतोष घायल हो गए। सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पड़री पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से घायलों को कार से बाहर निकाल कर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री के चिकित्सक डॉ. आनंद कुमार सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत गंभीर देखते हुए मंडलीय अस्पताल मिर्जापुर रेफर कर दिया। टक्कर इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।