मड़िहान में मतदान के बाद चर्चा करते भाजपा प्रत्याशी रमाशंकर सिंह पटेल।
विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद प्रत्याशी गुरुवार को अपनी खुमारी मिटाते रहे। चाय-पान की दूकानों और गलियों में चुनाव के चर्चाओं से बाजार गर्म रहा। पार्टियों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशी की जीत का दम भरते दिखे। कुछ प्रत्याशी अपनी जीत और मिले मतों का आकलन करने में जुटे रहे, तो कुछ प्रत्याशी अपने चुनाव से खाली होकर सीधे अपने व्यापार में समय देते दिखे।
विधानसभा चुनाव में मतदान आठ मार्च को शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। मतदान के बाद प्रत्याशियों ने राहत की सांस ली। मतदान बीतने के बाद मिर्जापुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रत्नाकर मिश्रा ने अपने समर्थकों संग समय बिताया। वह क्षेत्र के भवानीपुर गांव में ग्रामीणों से मिले और चुनाव पर चर्चा किया। बसपा प्रत्याशी परवेज खान चुनाव बीतने के बाद अगले दिन कुछ समय परिवारवालों और समर्थकों संग बिताया। इसके बाद उन्होंने व्यापारियों से मिलकर अपने कार्पेट व्यवसाय पर समय दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव के चलते काफी दिनों से व्यवसाय प्रभावित हो रहा था। मतदान के बाद सबसे पहले रुके कार्यों को निबटाने का काम किया। मड़िहान विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रमाशंकर सिंह गुरुवार को भी गांव गोल्हनपुर में ग्रामीणों के बीच रहे। उन्होंने प्रतिदिन की भांति ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याओं के निराकरण पर चर्चा किया। उन्होंने बताया कि जनता का सहयोग और विश्वास उनके साथ है। वहीं कांग्रेस व सपा गठबंधन प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी भी मड़िहान स्थित अपने घर पर आराम फरमाते मिले। उन्होंने ग्रामीणों और समर्थकों से प्रतिदिन की भांति मुलाकात किया। ग्रामीण भी अपनी समस्याओं को उनसे साझा किया। मझवां विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सुचिस्मिता मौर्य भी घर पर नहीं मिली।