सिंचाई खंड चुनार के अंतर्गत मौजूद नहर की पटरियों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को फिर अभियान चलाया गया। इस दौरान मानिकपुर, बैरमपुर शेखवां, पटिहटा, एकली, रामपुर ढबही में नहर की पटरियों पर हुए अतिक्रमण को हटा दिया गया। किसानों की मांग पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों की तरफ से चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।
सिंचाई खंड चुनार के अधिशासी अभियंता हरिशंकर प्रसाद द्वारा गठित टीम की तरफ से नहर की पटरियों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। इस दौरान आठ ऐसे लोगों को चिह्नित किया गया, जिन्होंने पटरियाें पर अतिक्रमण किया है। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। अवर अभियंता नरसिंह मौर्य ने बताया कि चिह्नित लोगों को विभाग की तरफ से नोटिस जारी कर दिया गया है। दोबारा अतिक्रमण करने वालों को प्राथमिकी दर्ज कराकर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर नहर की पटरियों को खाली करा लिया गया है। बारिश से पूर्व अन्य इलाकों में भी अभियान चलाकर नहर की पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। अभियान के दौरान अवर अभियंता आनंद बिंद, संदीप यादव आदि मौजूद रहे।