एक्साइज टैक्स के विरोध में नगर के बसनही बाजार में शुद्धि-बुद्धि महायज्ञ करते जनपद के सराफा व्यवसायी।
- फोटो : mirzapur
आल इंडिया सराफा व्यापार एसोसिएशन एवं उ.प्र. सराफा व्यापार एसोसिएशन के आह्वान पर चल रही हड़ताल 15 वें दिन भी जारी रही। एक्साइज टैक्स के विरोध में सराफा व्यापार मंडल मिर्जापुर के तत्वावधान में मंगलवार को नबालक के तबेला पर विधिवत बुद्धि-शुद्धि महायज्ञ कर वित्त मंत्री के सद्बुद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम के उपरांत 17 मार्च को भारत बंद के आहवान पर मिर्जापुर बंद का एलान किया गया।
मिर्जापुर सराफा व्यापार मंडल की ओर से मंगलवार को नगर के नबालक के तबेला पर विधिवत बुद्धि-शुद्धि महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के समस्त सराफा व्यवसायियों ने भाग लिया। महायज्ञ के दौरान आचार्य विपीन रस्तोगी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बुद्धि-शुद्धि महायज्ञ संपादित कराया। महायज्ञ के दौरान सराफा व्यवसायियों ने हवन कुंड में आहुतियां डाल कर वित्त मंत्री अरुण जेटली की सद्बुद्धि की कामना की।
महायज्ञ के उपरांत आयोजित बैठक के दौरान सराफा व्यवसायियों ने हड़ताल के आगे की रणनीति तय की। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि 16 मार्च की सांयकाल पांच बजे से नगर के गणेशगंज स्थित सोनी धर्मशाला से मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: सोनी धर्मशाला पहुंच कर समाप्त होगा।
बैठक के दौरान सराफा व्यवसायियों ने जहां एक स्वर से काले कानून की कड़े शब्दों में निंदा की, वहीं चेताया गया कि जब तक केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज टैक्स को वापस नहीं लेती तब तक संघर्ष जारी रहेगा। एक्साइज टैक्स के विरोध में चल रहे अनिश्चितकालीन हड़ताल के तहत मंगलवार को भी जनपद के समस्त सराफा दुकानें पूर्णरूप से बंद रहीं। इस दौरान सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौरसिया, मंत्री शिवकुमार मुंदड़ा, कोषाध्यक्ष रामकृष्ण रस्तोगी आदि रहे।