मड़िहान थाना क्षेत्र के हरिहरा गांव के पास बाइक से गिर कर रविवार की दोपहर 32 वर्षीय एक सब्जी व्यापारी की मौत हो गई। बाइक चलाते समय उसने हेलमेट नहीं पहना था और मोबाइल से बात भी कर रहा था। इस दौरान खराब सड़क पर बाइक अनियंत्रित हो गई।
कलवारी गांव निवासी सरबजीत मौर्य पुत्र मुसाफिर मौर्य मड़िहान में सब्जी का थोक विक्रेता था। रविवार सुबह वह अपने घर से सात बजे मंडी जाने के लिए निकला था। बाइक सवार व्यापारी जैसे ही हरिहरा पुल के पास पहुंचा, सड़क जर्जर होने के कारण बाइक लेकर सड़क पर गिर पड़ा।
गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी मड़िहान ले जाया गया। हालत चिंताजनक देख चिकित्सक ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां भी सुधार नहीं हुआ तो उसे वाराणसी के लिए भेज दिया गया।