ड्रमंडगंज। थाना क्षेत्र के रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लहुरियादह गांव के पास रविवार को देर रात यूपी रोडवेज की बस खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
यूपी रोडवेज की बस रविवार की रात प्रयागराज के जीरो रोड डिपो से सवारी बैठाकर मध्य प्रदेश के सीधी जा रही थी। रात करीब डेढ़ बजे ड्रमंडगंज घाटी में ब्रह्म बाबा मंदिर के आगे लहुरियादह के पास सड़क पर खड़े एक ट्रक में पीछे से रोडवेज बस की टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार छह यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर ड्रमंडगंज थाने के उप निरीक्षक अवधेश सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे में घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज पहुंचाया। हादसे में घायल सभी यात्री मध्य प्रदेश के निवासी हैं। घायलों में 32 वर्षीय उर्मिला देवी निवासी हनुमना जिला मऊगंज, 19 वर्षीय दीपक तथा 32 वर्षीय उदय निवासी खटखरी जिला मऊगंज, 32 वर्षीय पवन कुमार निवासी पतेरी हनुमना जिला मऊगंज, 24 वर्षीय प्रभू निवासी पटेहरा हनुमना जिला मऊगंज तथा 30 वर्षीय पुष्पराज पटेल निवासी भड़कुड़ा जियावन शामिल हैं। हादसे के समय बस पर 32 यात्री सवार थे। हादसे के बाद ट्रक का चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि हादसे में घायल यात्रियों का सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया है।