पड़री। थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव के पास हाइवे के सर्विस रोड पर मंगलवार को सुबह डिवाइडर से टकराकर बुलेट सवार सीआरपीएफ जवान घायल हो गया। वाहन पर जवान का मौसेरा साला भी बैठा था और हादसे में वह भी घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डाॅक्टर ने सीआरपीएफ जवान को मृत घोषित कर दिया। घायल को पीएचसी पड़री में प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया।
चंदौली के दरियापुर गांव निवासी सीआरपीएफ जवान दीपक (45) पुत्र बाबूलाल दो साल पहले चोट लगने के बाद अनफिट चल रहे थे और दो साल से मेडिकल पर थे। दीपक के पिता बाबू लाल मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जमकुंडा कैंप सरकारी विद्यालय के पास मकान बनाकर रहते हैं। वे एक कोल माइंस में काम करते थे और अब सेवानिवृत हो चुके हैं। दीपक चंदौली के दरियापुर मकान में रहते थे। मंगलवार को सुबह दीपक अपने मौसेरे साला कपिंजल (24) पुत्र संजयराम निवासी माटी गांव के साथ बुलेट से अपने घर छिंदवाड़ा जा रहे थे। रास्ते में पड़री थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव के पास हाइवे के सर्विस रोड पर बुलेट अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में जीजा और साला गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पड़री पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए पीएचसी पड़री भेज दिया। जहां डाॅक्टर ने सीआरपीएफ जवान दीपक को मृत घोषित कर दिया। पड़री पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। दीपक तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनसे पांच वर्षीय पुत्र चिराग है। थानाध्यक्ष पड़री विरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बुलेट डिवाइडर से टकराने से सीआरपीफ जवान की मौत हो गई। चोट लगने के कारण जवान दो साल से मेडिकल पर था।