मिर्जापुर। आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में अवैध शराब पीने से हुई मौतों के बाद बुधवार को आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में भी आबकारी और पुुलिस की टीमों ने लालगंज के खजूरी कालोनी में दबिश देकर सैकड़ों क्विंटल लहन और शराब की भट्ठियों को नष्ट किया। तीन माह पूर्व जिले में भी अवैध शराब पीने से देहात कोतवाली के नेवढ़ियां गांव में दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद जिले में अभियान चलाकर कार्रवाई की गई थी, पर उसके बाद फिर से भट्ठियां धधकने लगी। अब जब आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में शराब पीने से मौत हुई तो जिला प्रशासन फिर से जागा है। जिला प्रशासन का छापा उन्हीं स्थानों पर हुआ है जहां पर पहले भी कार्रवाई हुई है, आखिर जिस स्थान पर बार-बार छापेमारी कर कार्रवाई की जाती है, वहां पर अवैध शराब का निर्माण पूर्व रुप से बंद क्यों नहीं होता है। आयुक्त योगेश्वर राम मिश्र और जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार के निर्देश पर आबकारी, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने लालगंज के खजूरी कालोनी में छापेमारी किया। क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक, थाना प्रभारी निरीक्षक लालगंज, उप जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित क्रम में तहसील दार लालगंज की संयुक्त टीम द्वारा जेसीबी मशीन साथ लेकर कार्रवाई की गई। इस दौरान शराब बनाने के उपकरण, 20 क्विंटल लहन, सात भट्टियां नष्ट किया गया। 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।