एसडीएम सदर चंद्रभानू सिंह ने रविवार का समय अतिक्रमण हटाने के लिए दिया और बुलडोजर वापस बुला लिया। एसडीएम सदर ने बताया कि गड़ौली के कमहरिया निवासी मृत्युंजय सिंह ने हाईकोर्ट में रिट दाखिल की थी। ग्राम समाज की जमीन हम लोगों ने चिह्नित की है। इसे ट्रस्ट की ओर से खाली किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री भी मिर्जापुर स्थित गढ़ौली धाम आश्रम नहीं जाएंगे। इसका साफ संदेश भाजपा ने दिया है। पार्टी सांसदों से भी दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया है। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि गढ़ौली धाम आश्रम में बीते दिनों कन्याओं के सामूहिक विवाह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील भाई ओझा की ओर से सरकार के मंत्रियों, विधायकों, पार्टी के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया।
भाजपा के शीर्ष नेताओं ने इस आयोजन को लेकर काशी क्षेत्र के नेताओं से फीडबैक लिया। फीडबैक के बाद पार्टी के शीर्ष नेताओं ने प्रदेश नेतृत्व को स्पष्ट संदेश दिया कि इस आयोजन से पार्टी व सरकार का कोई सरोकार नहीं है। लिहाजा, इसमें सरकार के मंत्रियों, विधायकों और पार्टी के पदाधिकारियों के जाने से गलत संदेश जा रहा है। संगठन की ओर से मंत्रियों को भी आश्रम में नहीं जाने का फरमान सुनाया गया है।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आदेश के बाद काशी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने गढ़ौली धाम आश्रम से दूरी बना ली है। काशी क्षेत्र के कुछ भाजपा पदाधिकारी इस पर नजर भी बनाए हुए हैं कि पार्टी के फरमान के बाद भी कौन-कौन वहां जा रहा है।