गौराबादशाहपुर। महापुरुषों के सम्मान और उनके गौरवशाली इतिहास को संजोए रखने के लिए क्षत्रिय संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कराने और उनके नाम पर स्मृति द्वार बनवाने की मांग की। गौराबादशाहपुर क्षेत्र से सटे जिवली गांव निवासी और भाजपा के गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार राय से क्षत्रिय संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने उनके आवास पर औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्हें बुके और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने महापुरुषों के सम्मान में प्रतिमा स्थापित कराने और उनके नाम पर स्मृति द्वार बनवाने के संबंध में चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भाजपा सरकार महापुरुषों के सम्मान को प्राथमिकता देती है। ऐसे में उनके नाम पर स्मृति द्वार और प्रतिमाएं स्थापित कराने में सहयोग किया जाए, ताकि इस कार्य को आसानी से पूरा कराया जा सके। इस पर विनोद कुमार राय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस कार्य के लिए वह सदैव तत्पर रहेंगे और प्रतिनिधिमंडल जैसा सुझाव देगा, उसके अनुसार सहयोग किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में क्षत्रिय प्रशस्ति ग्रंथ के लेखक ठाकुर आद्या प्रसाद सिंह, क्षत्रिय विकास संस्था के प्रदेश प्रभारी डॉ. जयसिंह राजपूत, वरिष्ठ समाजसेवी एवं गो रक्षक रतन सिंह परमार आदि शामिल रहे।