बेटी की शादी की तैयारी के लिए जुटाए जा रहे करीब 20 लाख रुपये का जेवरात समेत अन्य सामान बुधवार की रात चोर एक झटके में चुरा ले गए।
मामला चुनार कोतवाली क्षेत्र के कैलहट बाजार का बताया जा रहा है। जानकारी होने पर गृहस्वामी ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई।
चुनार कोतवाली क्षेत्र के कैलहट बाजार निवासी बच्चालाल सिंह एनसीएल में नौकरी करते थे। कुछ दिन पहले ही सेवानिवृत हुए हैं। मूल रूप से वह दीक्षितपुर गांव के निवासी हैं। गांव का मकान गिर जाने के कारण कैलहट बाजार निवासी योगेश के मकान को किराए पर लेकर रह रहे हैं।
परिवार के अनुसार बुधवार की रात घर के लोग बिजली कटने के बाद मकान के दूसरी मंजिल की छत पर सोने चले गए थे। इसी दौरान पहुंचे चोर मकान के बाहर रखी बांस की सीढ़ी लगा कर मकान के छत पर चढ़ कर आंगन में उतर गए। इसके बाद दो कमरोें का ताला तोड़ कर बाकायदा खंगाल डाला।
कमरे में रखी आलमारी एवं अटैची को तोड़ कर उसमें रखे 77 हजार रुपये नगद, समेत करीब 20 लाख रुपये का सामान उठा ले गए।
घटना की जानकारी तब हुई जब परिवार के सदस्य सुबह पांच बजे छत से नीचे आए। देखा कि कमराें का ताला टूटा है और सामान भी बिखरे पड़े हैं। यह देखते ही उनके होश उड़ गए।
शोरगुल सुन कर सभी लोग नीचे आए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई। चोरी हुए सामानाें में सोने की छह चेन, सोने की 12 अंगूठी, दो मंगलसूत्र, चांदी का 14 जोड़ा पायल, पायजनी, चंादी की थाली शामिल है। इसके अलावा मोबाइल, कैमरा, दो एटीएम, हीरो होंडा बाइक समेत अन्य सामान चुरा ले गए।