मिर्जापुर। धूप निकलने से मंगलवार की सुबह लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। लोग छतों, पार्कों, घर के बाहर धूप सेंकते नजर आए। बारिश से भले ही लोगों को राहत मिल गयी हो लेकिन कोहरा व ठंड से निजात मिलने की संभावना नहीं है। अभी सुबह और शाम कोहरा पड़ेगा। मौसम साफ होने का व्यापक असर लोगों की दिनचर्या पर भी देखने को मिला। बाजारों में और दिनों की अपेक्षा ज्यादा चहल-पहल रही। मौसम विभाग की मानें तो न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट हो सकती है। डीएसटी महामना जलवायु परिवर्तन केंद्र के समन्वयक एवं ग्रामीण कृषि मौसम सेवा बीएचयू वाराणसी के नोडल अधिकारी प्रो. आर के मल्ल व तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा। छिटपुट आसमान में बादल दिखाई पड़ सकते हैं लेकिन बारिश की फिलहाल संभावना नजर नहीं आ रही है। सुबह और शाम के समय कोहरा पड़ सकता है। जिससे ठंड बरकरार रहेगी।