मिर्जापुर। केबी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को प्राध्यापकों ने सांकेतिक विरोध करते हुए अपने कार्यों का संचालन किया। उन्होंने बांह पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने कहा कि दो महीने के बकाया वेतन के अलावा अनेक मुद्दों पर महाविद्यालय के अध्यापक और कर्मचारी सांकेतिक विरोध कर रहे हैं। अपनी समस्याओं को लेकर शिक्षक जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से मिलना चाहते थे। लेकिन अधिकारियों से वार्ता नहीं हो पायी। शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. ज्योतीश्वर मिश्र एवं महामंत्री डॉ. प्रतिमा भारतीया ने कहा है कि यदि 10 जनवरी तक महाविद्यालय प्रशासन द्वारा वेतन भुगतान नहीं किया गया तो अध्यापक और कर्मचारी 11 जनवरी से वेतन मिलने तक संपूर्ण कार्य का बहिष्कार करेंगे।