शेरवां। क्षेत्र के भाईपुर कला ढेबरा मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम जिनोदपुर गांव के पास ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से मोपेड सवार बालक की मौत हो गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम चुनार के आश्वासन पर एक घंटे बाद शाम सात बजे जाम समाप्त हुआ। अदलहाट थाना क्षेत्र के गौरही गांव निवासी मुलायम यादव चौकिया गांव से अपने मामा सुरेश यादव के पुत्र सात वर्षीय विकास को मोपेड पर बैठाकर भाईपुर बैरियर गया हुआ था। लौटते समय जिनोदपुर गांव के पास गल्ला लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर के नीचे आ जाने से कुचलकर विकास की मौत हो गई। वहीं, मुलायम गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मुलायम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर भेजा। वहीं, हादसे नाराज परिजन और ग्रामीण मृत बालक का शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। परिजन एसडीएम को बुलाने की मांग पर अड़ गए। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रामनारायन राम, चौकी प्रभारी एके सिंह ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। बालक की मौत से उसकी मां रनिया देवी व पिता का रो- रोकर हाल-बेहाल हो गया। मृतक को एक बड़ा भाई आकाश व एक छोटी बहन आकांक्षा है। चुनार एसडीएम चंद्रभानु सिंह ने घटना स्थल पर पहुंच कर कार्रवाई करने और मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने दिया। थानाध्यक्ष रामनरायन राम ने बताया कि हादसे में बालक की मौत हो गई।