मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के परवा राजधर गांव में मंगलवार को दोपहर में दोस्तों के साथ गंगा नदी में स्नान करने गया बालक गहरे जल में जाने से डूबने लगा। दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, परंतु असफल रहे। सूचना पर परिजन स्थानीय मल्लाहों और ग्रामीणों के सहयोग से बालक को नदी से बाहर निकालकर मंडलीय अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
क्षेत्र निवासी विजयशंकर का 10 वर्षीय पुत्र आर्यन मंगलवार को दोपहर में गांव के अपने दोस्तों के साथ 100 मीटर दूर गंगा नदी में स्नान करने गया था। स्नान करते समय वह गहरे जल में जाने से डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, परंतु असफल रहे। दोस्तों ने गांव में जाकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों और स्थानीय मल्लाहों के सहयोग से बालक को बाहर निकलवाया और उसे मंडलीय अस्पताल लेकर गए। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालक दो बहनों का इकलौता भाई था। देहात कोतवाल बृजेश सिंह ने बताया कि गंगा में डूबने से बालक की मौत होने पर शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।