थाना क्षेत्र के इमरती गांव की महिलाओं ने शनिवार की सुबह इमरती चौराहे पर खोली गई देशी शराब की दूकान के सेल्समैन को बंधक बनाते हुए दूकान पर ताला जड़ दिया। नाराज महिलाओं ने दूकान के बाहर प्रदर्शन करते हुए कहा कि आए दिन लोग यहां शराब पीकर उत्पात मचाते हैं जिससे महिलाओं को आने जाने में परेशानी होती है। इसलिए तत्काल इस दूकान को बंद कर किसी दूसरे स्थान खोली जाए। जिससे लोगों को परेशनी से निजात मिल सके। सेल्समैन को बंधक बनाने की सूचना मिलते ही पहुंचे चौकी प्रभारी पैड़ापुर शंभूनाथ ने उच्चाधिकारियों से बात कर उनकी समस्या का हल निकालने का आश्वासन दिए जाने के बाद महिलाए शांत हो गई।
बता दें कि इमरती गांव की महिलाएं शनिवार की सुबह दस बजे भारी संख्या में इकट्ठा होकर चौराहे पर पहुंची और देशी शराब के दूकानदार से तत्काल दूकान बंद करने को कहा। दूकानदार द्वारा दूकान बंद नहीं किए जाने पर महिलाएं नाराज हो गई और उसे बंधक बनाते हुए खुद की दूकान में ताला लगा दिया। शराब को पूर्ण तरीके से बंद किए जाने का नारा लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में जितनी शराब की दूकानें है उसे तत्काल बंद किया जाए।
क्यों कि इस नशे का आदि होकर लोग परिवार में झगड़ा कर रहे हैं। अपनी मेहनत की कमाई को शराब में लूटा रहे हैं। महिलाओं ने यह भी कहा कि चौराहे पर शराब की दूकान खुलने से यहां भारी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा होती है। लोग शराब पीकर उत्पात मचाते हैं। जिसके चलते शाम को महिलाओं का घर से बाहर निकला मुश्किल हो जाता है। इसलिए तत्काल दूकान को बंद कर दूसरे स्थान पर खोलने को कहा। सेल्समैन कन्हैया लाल की सूचना पर पहुंचे पैड़ापुर चौकी इंचार्ज शंभूनाथ यादव ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।