स्थानीय थाना क्षेत्र के नुनौटी गांव में रेलवे लाइन पार करते समय बोलेरो का पहिया ट्रैक पर फंस गया। ग्रामीणों की मदद से बोलेरो को ट्रैक से हटाया गया। संयोग अच्छा था कि उस समय कोई ट्रेन नहीं आ रही थी वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के मुताबिक नुनौटी गांव में बनी रेलवे अंडर ग्राउंड पुलिया में रविवार की सुबह लगभग साढ़े दस बजे ट्रक फंस गया। जिसके चलते बोलेरो चालक पुलिया से बोलेरो न ले जाकर जान जोखिम में डाल कर पुलिया से सटे दूसरे रास्ते से रेलवे लाइन को पार कर रहा था लेकिन पहिया फिसलने के कारण वह लाइन पार नहीं कर पा रहा था। जिसके बाद चालक काफी घबरा गया और जोर-जोर से मदद के लिए ग्रामीणों को आवाज देने लगा। जिसे सुन ग्रामीण जुट गए। भारी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सहयोग से बोलेरो को लाइन से हटाया गया। प्रभारी रेलवे सुरक्षा बल चुनार बीके यादव ने बताया कि पुलिया से सटे दूसरे रास्ते को पोल लगाकर बंद कर दिया गया है। चेतावनी दी गयी है कि अनाधिकृत रूप से कोई लाइन पार न करें यदि ऐसा करते पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।