हलिया पिपरा बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास पलटी बोलेरो । स्रोत-सोशल मीडिया
हलिया। थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को विदाई कराकर लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए। चार की हालत गंभीर है। ट्रॉमा सेंटर में उनका उपचार चल रहा है। गौरवा गांव निवासी शिवम दुबे बोलेरो से बैधा दुल्हन की विदाई कराकर लौट रहे थे। जैसे ही पिपरा बाजार से आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंचे कि बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे में बोलेरो चालक शिवम दुबे (20), संतोष (24), पूजा (18) विवेक (14), शिवम (12) निवासी गौरवा, भटवारी गांव निवासी खुशबू (22), बैधा गांव निवासी प्रिंस (10) , संगीता मौर्या (22), गौरवा गांव निवासी आकांक्षा (16), करौंदिया गांव निवासी उर्मिला (30), गोर्गी गांव निवासी कैलाश (40) सोनवर्षा गांव निवासी मनोरमा (25), बैधा गांव निवासी प्रेम शंकर (21) घायल हो गए।
चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से पीएचसी हलिया पहुंचाया गया। पीएचसी के चिकित्सक विमल कुमार ने बताया कि चार घायल आकांक्षा, पूजा, संतोष, शिवम की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। जबकि अन्य का इलाज जारी है।