अदलहाट थाना क्षेत्र के विशेषरपुर माफी निवासी शनि की फाइल फोटो। स्रोत- परिवार
मिर्जापुर। अदलहाट के रैपुरिया गंगा घाट पर डूबने से किशोर के मिले शव की शिनाख्त अदलहाट थाना क्षेत्र के विशेषरपुर माफी निवासी शनि (17) के रूप में हुई। शिनाख्त के बाद परिजनों ने शरीर पर चोट लगने और जमीन विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हो गई है।
विशेषरपुर माफी निवासी गोविंद ने बताया कि नौ मई को पुत्र शनि सुबह छह बजे घर से कुछ दूर गया। उसके बाद वापस घर नहीं लौटा। उसकी खोजबीन की जा रही थी। सोशल मीडिया पर फोटो के जरिये पुत्र का शव रैपुरिया घाट पर मिलने की जानकारी हुई। इसके बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंच कर शव की शिनाख्त की। बताया कि नरयनपुर त्रिमुहानी पर उसका छह बिस्वा जमीन है। इसे प्लॉटर कब्जा कर रहे हैं। कोर्ट में 2014 से मामला चल रहा है। बताया कि पुत्र के शरीर पर चोट के निशान हैं। आशंका जताते हुए हत्या का आरोप लगाया। मामले में अदलहाट थानाध्यक्ष अजय सेठ ने बताया कि डूबने से किशोर की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी डूबने से मौत की पुष्टि हो गई है।