मिर्जापुर। मझवां विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव 4922 मतों से जीतकर भाजपा प्रत्याशी शुचिस्मिता मौर्य ने इतिहास बना दिया। वह पहली ऐसी महिला बन गईं, जो कि मझवां क्षेत्र से दूसरी बार चुनाव जीतने में सफल रहीं। उन्होंने 2017 का विधानसभा चुनाव जीता था। अब उपचुनाव में जीत हासिल की है। इससे पहले मझवां विधानसभा क्षेत्र से कोई दूसरी महिला विधायक नहीं बन सकी। शुचिस्मिता ने सपा प्रत्याशी डॉ ज्योति बिंद को कड़े मुकाबले में हराया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने मतगणना स्थल पर ही नवनिर्वाचित विधायक को जीत का प्रमाणपत्र दिया है। मझवां विस क्षेत्र के उपचुनाव की मतगणना शनिवार की सुबह आठ बजे से बथुआ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में शुरू हुई। मतगणना का पहला रुझान सुबह नौ बजे तक आ गया। पहले ही राउंड से भाजपा प्रत्याशी शुचिस्मिता मौर्य ने बढ़त बना ली थी। हालांकि 11वें से 20वें राउंड की मतगणना के दौरान उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुचिस्मिता की जो बढ़त छह हजार मतों से ज्यादा की थी, वह घट कर एक हजार तक पहुंच गई। इससे भाजपा खेमे की बेचैनी भी बढ़ी, लेकिन 34वें राउंड तक शुचिस्मिता ने 77,737 मत हासिल करके जीत हासिल कर ली। उन्होंने सपा की डॉ. ज्योति बिंद को 4,922 मतों से हराया है। डाॅ. ज्योति बिंद को 72,815 मत मिले हैं। बसपा प्रत्याशी दीपक तिवारी उर्फ दीपू तिवारी को तीसरे स्थान पर रहना पड़ा है। दीपक तिवारी को 34,917 वोट मिल सके हैं। भाजपा की जीत के संकेत पहले ही राउंड की मतगणना से मिल गए थे, लेकिन मुकाबला आखिरी राउंड तक कांटे का दिखा। इससे सांसें अटकी रहीं। सपा-भाजपा नेता और उनके समर्थक बेचैन दिखे। पहले राउंड में भाजपा को 3035 मत मिले, जबकि सपा को 1578 मत मिल सके। बसपा को 867 मत प्राप्त हुए। 11वें राउंड में सपा को 2785 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 2297 मत ही मिल सके। इसी तरह 12वें, 13वें, 14वें, 16वें और 18वें राउंड की मतगणना में भी सपा को ज्यादा वोट मिले, लेकिन वह बढ़त बनाने में नाकाम रही। दूसरे स्थान पर ही रहना पड़ा है। मतगणना 34वें राउंड तक चली और भाजपा प्रत्याशी के जीत का एलान हो गया। मझवां विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में नोटा को भी लोगों ने पसंद किया। मतदाताओं ने आठ प्रत्याशियों से ज्यादा मत नोटा को दिए हैं। 2027 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया है।