मड़िहान। स्थाथ्नानीय क्षेत्र के मिर्जापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर कुंदरुफ गांव के सामने बृहस्पतिवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
थानाध्यक्ष मड़िहान नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि राजगढ़ थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी शनि (19) पुत्र शिवकुमार और लवकुश (20) पुत्र जय सिंह बृहस्पतिवार की शाम घर से मड़िहान की तरफ जा रहे थे। कुंदरुफ गांव के सामने पहुंचते ही उनकी बाइक की सामने से आ रहे लहास निवासी शिवकुमार (43) की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने मड़िहान पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने तक शिवकुमार की मौत हो चुकी थी। घायल शनि और लवकुश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सोनभद्र जनपद के लोढ़ी स्थित जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉ. अनूप सिंह ने बताया कि दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अन्यत्र रेफर किया गया। अस्पताल में प्रभारी चिकित्सक डॉ. राधेश्याम वर्मा ने जांच के बाद शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। मड़िहान थानाध्यक्ष नवीन कुमार तिवारी ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो युवक घायल हुए हैं।