ड्रमंडगंज। रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव के पास शनिवार रात जेसीबी की टक्कर से घायल बाइक सवार पति की मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पत्नी व पुत्री का इलाज चल रहा है। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के मोरहना गांव निवासी गोपाल दास मौर्य (32) पत्नी राजकुमारी मौर्य (30) व पुत्री पूजा (13) के साथ बाइक से हलिया थाना क्षेत्र के परसिया कलां गांव स्थित ससुराल से अपने घर जा रहे थे। भैंसोड़ बलाय पहाड़ गांव के पास पहुंचे तो जेसीबी से उनकी बाइक की टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने घायल दंपती और पुत्री को हलिया पीएचसी भेजा। मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि जेसीबी की टक्कर से मध्यप्रदेश निवासी घायल बाइक चालक गोपाल दास मौर्य की उपचार के दौरान मंडलीय चिकित्सालय में मौत हो गई।