मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के संगमोहाल ओवरब्रिज के पास शनिवार की रात ममेरे भाई-बहन ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन से साइड से टक्कर लगने से दोनों दूर जा गिरे। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। स्थानीय लोगोें की सूचना पर कटरा कोतवाली पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। जीआरपी ने दोनों की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
पड़री थाना क्षेत्र के इंदी का पुरा गांव के मूल निवासी भीम सिंह पिछले 15 साल से परिवार के साथ कटरा कोतवाली क्षेत्र के पुरानी दशमी मोहल्ले में किराए के मकान में रहते हैं। उनके साथ उनकी पत्नी, तीन पुत्रियां और एक पुत्र रहते हैं। चार दिन पहले भीम सिंह का भांजा कन्हैया सिंह (24) पुत्र सुरेश सिंह निवासी रुहरी थाना रानी की सराय आजमगढ़ उनके यहां आया था। कन्हैया मुंबई में अपने पिता सुरेश सिंह के पास रहकर ठेकेदारी का काम करता था। सात महीने से वह घर पर ही था। वह अपने मामा भीम सिंह के यहां अक्सर आता रहता था। एक सप्ताह पहले वह मामा के घर आया था। इसके बाद अपने घर चला गया। चार दिन पहले फिर मामा केय हां आया था। शनिवार की रात कन्हैया अपनी ममेरी बहन मनीषा सिंह (15) के साथ सामान खरीदने बाहर निकला था। रास्ते में संगमोहल ओवरब्रिज के पास दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। सूचना पर कटरा कोतवाली पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। जीआरपी ने दोनों की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना पर मौके पर पहुंचे। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मनीषा के पिता भीम सिंह ने बताया कि शनिवार को देर शाम दोनों सब्जी लेने निकले थे। मनीषा एक भाई और तीन बहनों में तीसरे नंबर पर थी। गुरु नानक स्कूल में वह कक्षा नौ की छात्रा थी। कन्हैया तीन भाइयों में सबसे छोटा था। जीआरपी प्रभारी अनिल त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से ममेरे भाई-बहन की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।