नरायनपुर। वाराणसी-सोनभद्र मार्ग पर अदलहाट थाना क्षेत्र के सिकिया गांव के सामने रविवार को रात में हाइवा की टक्कर से मृत बाइक सवार की शिनाख्त हो गई है।
अदलहाट थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर ग्राम निवासी सुजीत कुमार भारती (19) पुत्र पप्पू भारती बाइक से अदलहाट की ओर जा रहे थे। सिकिया गांव के सामने रविवार की रात तेज रफ्तार हाइवा ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दिया। इसके बाद कुचलते हुए चालक फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने भाग रहे हाइवा चालक की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अहरौरा थाने को सूचना दी। अहरौरा पुलिस ने हाइवा को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई थी। पुलिस उसकी शिनाख्त में जुटी थी। देर रात पुलिस ने परिजनों का पता लगाकर शव की शिनाख्त कराई। इसके बाद शव चुनार स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पूर्व ग्राम प्रधान दिलीप जायसवाल ने बताया कि सुजीत भारती तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घर के पास ही पंचर बनाने वाले के यहां रहकर मजदूरी करता था। पिता पप्पू भारती ट्राली चलाने का कार्य करते हैं। थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि शिनाख्त होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। टक्कर मारने वाले हाइवा को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया गया है।