ड्रमंडगंज। रीवां-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बड़े मोड़ के पास गुरुवार की दोपहर को मध्यप्रदेश की ओर से आ रहा एक बाइक सवार युवक सामने से आ रही एक कार से बचने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पत्थर से टकरा गया। पत्थर से टकराकर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची ड्रमंडगंज पुलिस ने गंभीर रूप से जख्मी युवक को अपने वाहन पर लादकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ड्रमंडगंज पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी एंबुलेंस से घायल युवक को मंडलीय चिकित्सालय भेज दिया गया। कछवां थाना क्षेत्र के कोरी कला निवासी 25 वर्षीय किशन कुमार पुत्र काशी नाथ किसी काम से मध्यप्रदेश गया था । गुरुवार को वापस लौटते समय ड्रमंडगंज घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया । दुर्घटना में युवक के सिर और पैर में गंभीर चोट लगी है ।