जिगना। रोपवे पर काम करने वाला कर्मचारी बुधवार को घर से बाइक लेकर निकला था कि रास्ते में मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर विंध्याचल थाने के कटरा सर्रोई हनुमान मंदिर के पास सुबह सात बजे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
जिगना थाना क्षेत्र के बरहाखुर्द गांव निवासी धर्मेन्द्र कुमार बिंद (30) बुधवार को सुबह घर से बाइक लेकर प्रतिदिन की तरह अष्टभुजा रोपवे पर ड्यूटी करने जा रहे थे। वे मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग के विंध्याचल थानाक्षेत्र कटरा सर्रोई मंदिर के पास पहुंचे थे कि एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया। इससे धर्मेंद्र गम्भीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भाग गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन पुलिस की मदद से घायल धर्मेंद्र कुमार को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर मिर्जापुर लेकर गए। जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, घर मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी कंचन देवी, माता सीता देवी रह-रह कर अचेत हो जा रही थीं। छोटे भाई अभिषेक कुमार व परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। धर्मेन्द्र दो भाइयों में बड़े थे। दो वर्ष पहले शादी हुई थी। उनसे एक छह माह का पुत्र है। ग्राम प्रधान डाॅ. अनिल कुमार बिंद ने बताया कि धर्मेन्द्र ही परिवार का पालन पोषण करता था। थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ट्रैक्टर व चालक की तलाश की जा रही है।