मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के बीरमौआ एबीसी कंपनी के पास शुक्रवार की दोपहर ग्राहक केंद्र से पैसा निकालकर घर जा रहे युवक दो बाइक सवार चार युवकों ने 20 हजार रुपये छीन लिया। घटना के बाद चारों भाग गए। युवक ने कोतवाली देहात में तहरीर दी है। पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
क्षेत्र के लौरिया गांव निवासी शिवबहादुर यादव पुत्र लालजी दोपहर में बाइक से बीरमौआ एबीसी कंपनी के पास स्थित इंडियन बैंक की शाखा से 20 हजार रुपये निकालने गया था। पैसा निकालकर वह बथुआ की ओर आ रहा था कि रास्ते में बीरमौआ रोड पर सागौन के पेड़ के पास दो बाइक सवार चार लोगों ने उसे रोककर उसकी पिटाई की। इसके बाद उसके पास से 20 हजार रुपये छीन कर भाग गए। शिवबहादुर ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर दो नामजद समेत चार लोगों पर रुपये छिनैती का आरोप लगाया है। कोतवाल विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि मामला लेनदेन का है। मामले की जांच की जा रही है।