लालगंज। थाना क्षेत्र के लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत राजापुर गांव के पास सोमवार की रात टेंपो की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायल को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल परिसर स्थित ट्रामा सेंटर भेजा। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लहंंगपुर पुलिस चौकी के राजापुर गांव निवासी आशीष कुमार (30) पुत्र शिवराम लहंगपुर के पास पीआरवी-112 के पुलिसकर्मियों के लिए भोजन बनाते थे। वे भोजन बनाने के लिए प्रतिदिन बाइक से लहंगपुर जाते थे। प्रतिदिन की तरह वे सोमवार की रात भोजन बनाने के लिए लहंगपुर जा रहे थे। रास्ते में राजापुर के पास ही मिर्जापुर की ओर से आ रहे टेंपो ने उन्हें टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक सवार आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी सदानंद सिंह ने एंबुलेंस से उन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर मिर्जापुर भेजवाया। जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशीष चार भाइयों व एक बहन में बड़े थे। उनसे एक पुत्र और एक पुत्री हैं। लालगंज थानाध्यक्ष ज्ञानुुप्रिया ने बताया कि सोमवार की रात टेंपो की टक्कर से बाइक सवार आशीष कुमार के सिर में गंभीर चोट लग गई थी। इससे उनकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।