हलिया क्षेत्र के भटवारी नर्सरी के आगे अंधा मोड़ पर सोमवार को दोपहर में बाइक व बालू लदे हाइवा की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को उपचार के लिए पुलिस वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गई। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देख मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद ट्राम सेंटर पहुंचने पर एक युवक की मौत हो गई। दूसरे की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
क्षेत्र के गोलरा गांव निवासी राजेश पटेल (30) अपने साथी रामप्रकाश कोल (22) के साथ घर से किसी कार्य के लिए गुर्गी गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में भटवारी गांव के नर्सरी मोड़ के पास मध्यप्रदेश की ओर से बालू लादकर आ रहे हाइवा की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार 20 मीटर तक हाइवा में फंस कर घसीटते चले गए। इससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी मतवार लल्लन यादव व पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए अपने वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक डॉ.विवेक खरे ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। घटना की जानकारी दोनों घायलों के परिजनों को दे दी गई।
ग्रामीणों ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए भेजवाने के बाबत एंबुलेंस सेवा 108 पर फोन लगाया गया, लेकिन एंबुलेंस नहीं मिलने पर घायल सड़क पर ही तड़पते रहे। मंडलीय अस्पताल से दोनों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर पहुंचते ही राजेश पटेल की मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। राजेश से एक पुत्री और एक पुत्र हैं। पत्नी सीमा का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया कि हाविा की टक्कर से घायल बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।