सक्तेशगढ़। राजगढ़ थाना क्षेत्र के धनसीरिया ग्राम पंचायत के तेलियापुर गांव के पास बुधवार की रात बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में घायल बाइक सवार को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोनभद्र जनपद के सुकृत गांव निवासी 42 वर्षीय जगदीश चौहान बुधवार को शाम को अपने रिश्तेदारों के साथ ददरा बाजार आरा मशीन पर लकड़ी खरीदने गए थे। लकड़ी खरीदने के बाद उसे पिकअप में लदवाकर जगदीश अपनी बाइक से लौट रहे थे। लकड़ी लदे पिकअप में बैठे उनके रिश्तेदार बाइक के पीछे-पीछे आ रहे थे। बुधवार की रात करीब 11 बजे तेलियापुर गांव के पास रात होने से मोड़ दिखाई नहीं दिया और बाइक अनियंत्रित होकर सात फीट नीचे खाई में गिर गई। पीछे-पीछे आ रहे पिकअप सवार रिश्तेदार जगदीश को घायल अवस्था में एंबुलेंस से सीएचसी राजगढ़ ले गए। जहां डॉक्टर सर्वेश कुमार पांडेय ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजगढ़ थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।