अहरौरा। थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में नाबालिग लड़की को अगवा कर धर्म परिवर्तन व शादी के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने उसे एक घंटे तक अपने चंगुल में रखा और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता रहा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक तथा उसके भाई के खिलाफ पाॅक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश कर रही है।
तहरीर में पिता ने आरोप लगाया है कि नई बाजार इलाके का निवासी युवक छह-सात महीने से उसके घर का चक्कर लगा रहा था। उनकी पुत्री (13) वर्ष की है, जो कक्षा नौ की छात्रा है। बेटी चौक बाजार में कोचिंग पढ़ने जा रही थी। रास्ते में आरोपी मंटू उर्फ आमिर (25) निवासी नई बाजार ने अगवा कर लिया। उसे धमकी दी कि धर्म परिवर्तन कर लो तो शादी कर लूंगा। अन्यथा तुम्हारे परिवार को जान से मार डालूंगा। किसी तरह छूट कर लड़की घर पहुंची और आप बीती सुनाई। मामले की जानकारी होते ही आरोपी युवक तथा उसके भाई पिंटू से शिकायत की गई तो वे गालीगलौज पर उतारू हो गए और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन अनिल कुमार पांडेय का कहना है कि किशोरी के पिता आगरा में रहते हैं। घर पर लड़की मां के साथ रहती है। उसे कोचिंग जाते समय उठाकर घंटे भर बंधक बनाए रखने का आरोप है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।