जिगना। मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौराहे पर बृहस्पतिवार को सुबह करीब छह बजे बाइक सवार युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दिया। टक्कर लगने के बाद बुलेट सवार डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया। जहां इलाज के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के सिकरा कला गांव निवासी होमगार्ड बाबूलाल का 20 वर्षीय पुत्र कृष्ण मुरारी ऊर्फ गोलू बृहस्पतिवार को सुबह करीब छह बजे बाइक से पिता को ड्यूटी पर जाने के लिए गैपुरा चौराहा छोड़ने गया था। रास्ते में किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। इससे बाइक डिवाइडर में टकरा गई। हादसे में कृष्ण मुरारी गंभीर रूप से रूप से घायल हो गया। पिता बाबूलाल घायल पुत्र को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई ले गए। जहां से मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंडलीय अस्पताल से ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान शाम को युवक की मौत हो गई। कृष्ण मुरारीचार भाइयों में छोटा था। बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। बीते 20 मई को क्षेत्र धौरहरा गांव में प्रतिभा के साथ शादी हुई थी। बड़ा भाई राजाराम वर्तमान में सिकरा कला के प्रधान हैं। शादी के 19वें दिन युवक की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है। भाई राजाराम ने बताया कि हादसे में घायल कृष्ण मुरारी की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई।