राजगढ़ थाना क्षेत्र महदेउआ बस्ती के पास मंगलवार की शाम अपाचे बाइक सवार तीन लोग आगे जा रहे ट्रक में जा घुसे। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सूचना परिजनों को दी। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चुनार थाना क्षेत्र के बहरामपुर निवासी गोलू (28) आपने साथी राहुल (30) व अर्चना (22) निवासी बैडाड़ सोनभद्र के साथ अपाचे बाइक से घूमने निकले थे। बाइक राहुल चला रहे थे। बाइक राजगढ़ थाना क्षेत्र के महदेउआ बस्ती के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। सडक पर तड़पते देख राहगीरों ने पुलिस को फोन कर सूचना दी।
मौके पर पहुंचे राजगढ़ थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव ने एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक नक्सल अनिल कुमार पांडे ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। सीएचसी में डॉक्टर ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गोलू व अर्चना को प्राथमिक इलाज कर ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक और घायलों के परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। राहुल और उसके साथी बैंड बाजा में काम करते हैं। थानाध्यक्ष राणा प्रताप ने बताया कि ट्रक में पीछे से बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। दो लोग घायल हैं।