अहरौरा। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर चित्तविश्राम के पास बृहस्पतिवार की शाम वाराणसी की ओर जा रहा तेज रफ्तार बाइक सवार ट्रक में पीछे जा घुसा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी भेजवाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षेत्र के कल्याणीपुर मझवां निवासी रिंकू (26) पुत्र नंदू बृहस्पतिवार की शाम वाराणसी की ओर जा रहा था। जैसे ही चित्त विश्राम स्थित कन्हैया जलपान गृह के पास पहुंचा कि तभी उसने अपना नियंत्रण खो दिया। बाइक सवार आगे चल रही ट्रक में पीछे जा घुसा। हादसे में बाइक सवार की सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। एंबुलेंस की मदद से पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि ट्रक में पीछे से टकराने पर युवक रिंकू घायल हो गया। जिससे उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।