फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: भोकानाला-गड़ई नदी की होगी सफाई, ढाई करोड़ होंगे खर्च

विज्ञापन
बारिश के मौसम में पिछले साल गड़ई नदी में आए ऊफान का दृश्य (फाईल फोटो)-सोशल मीडिया।
विज्ञापन
- पिछले साल 20 से 25 गांवों आई थी बाढ़, जलशक्ति मंत्री का है गृहक्षेत्र
विज्ञापन


मिर्जापुर। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के गृह क्षेत्र में मानसून को देखते हुए बाढ़ से बचाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पिछले वर्ष अहरौरा, जरगो और डोगिया जलाशयों के ओवरफ्लो होने से भोकानाला और गड़ई नदी में आई बाढ़ से कई गांव प्रभावित हुए थे। इस बार ऐसी स्थिति से निपटने के लिए सिंचाई खंड चुनार ने नदी और नाले की सफाई का काम कराने की तैयारी पूरी कर ली है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसी सप्ताह कार्य शुरू होने की संभावना है। इस कार्य पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च होंगे।
वर्ष 2025 में हुई भारी बारिश में भोकानाला और गड़ई नदी में उफान आने से जमालपुर और नरायनपुर ब्लॉक के ओड़ी, गोगहरा, चैनपुरवा, हमीदपुर, चरगोड़ा, चौबेपुर, गौरी, मनई, गुलौरी, शेखपुर, केशवपुर डोहरी समेत करीब 20 से 25 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए थे। कई गांवों का संपर्क मार्ग टूट गया था, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया था। बाढ़ से कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा और सैकड़ों एकड़ धान की फसल भी बर्बाद हो गई थी। बाढ़ की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने भोकानाला व गड़ई नदी की सफाई का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे मंजूरी मिलने के साथ धनराशि भी आवंटित कर दी गई है। अधीक्षण अभियंता सिंचाई कार्य मंडल की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन


इनसेट:

गड़ई नदी पर 96 लाख, भोकानाला पर 1.48 करोड़ खर्च

कर्मा (सोनभद्र) से निकलने वाली 22 किमी लंबी गड़ई नदी की सफाई पर 96 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि 23 किमी लंबे भोकानाला की सफाई पर लगभग 1.48 करोड़ रुपये व्यय होंगे। कछारी क्षेत्र होने के कारण बारिश में जलाशयों के ओवरफ्लो से जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है। समय रहते सफाई होने से पानी का निकास सुचारु होगा और बाढ़ की आशंका कम होगी। साथ ही सिंचाई के लिए किसानों को सहूलियत होगी।
विज्ञापन


वर्जन:
मानसून से पहले भोकानाला व गड़ई नदी की सफाई का कार्य पूरा कराया जाएगा। सिंचाई कार्य मंडल की तरफ से निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। इसी सप्ताह से सफाई का कार्य शुरु कर दिया जाएगा।

-हरिशंकर प्रसाद, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड चुनार।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें