- 300 से अधिक चारपहिया वाहन पहुंचे, सिद्धनाथ दरी से अधिक रही रौनक
सक्तेशगढ़। बलुआ बजाहुर स्थित भान दरी इन दिनों विंध्य क्षेत्र के उभरते पर्यटन स्थलों में तेजी से पहचान बना रही है। पहाड़ों, हरियाली और प्राकृतिक वादियों से घिरी दरी रविवार को सैलानियों से गुलजार रही। दिनभर पर्यटकों की आवाजाही से पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को भान दरी में 300 से अधिक चारपहिया वाहन पहुंचे। परिवारों, युवाओं और दोस्तों के समूहों ने यहां प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। यादगार पल कैमरों में कैद किया। वहीं, क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बाबा सिद्धनाथ दरी पर अपेक्षाकृत कम भीड़ रही।
गांव के सूर्य कमल सिंह, राकेश कुमार सिंह, प्रदीप कुमार, देवेंद्र कुमार, दीपक कुमार, राजू सिंह, अंजली कुमारी, शिवम, संतोष सोनकर, रोशन, अनिल, प्रदीप प्रजापति और बंटी सिंह ने बताया कि सक्तेशगढ़ से बलुआ बाजार होते हुए भान दरी तक सीधा और सुगम मार्ग होने के कारण पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उनके अनुसार, प्रतिदिन बाहरी जिलों से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं। भान दरी पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि ऊंची पहाड़ियां, घना हरित वातावरण और शांत प्राकृतिक परिवेश इसे अन्य पर्यटन स्थलों से अलग पहचान देते हैं। प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह स्थान विशेष आकर्षण का केंद्र है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यहां पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित करने की मांग की है। उनका कहना है कि आवश्यक पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने पर भान दरी भविष्य में विंध्य क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है।