आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को भिक्षाटन कर प्रदेश सरकार के कोष में 420 रुपये एकत्रित किए। इसका ड्राफ्ट बनवा कर मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजा जाएगा। उन्होंने सभा करके गोरखपुर में ऑक्सीजन की कमी से हुई बच्चों की मौत का जिम्मेदार योगी सरकार को ठहराया।
रविवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रामबाग, संकटमोचन और तरकापुर मुहल्लों में भीख मांग कर 420 रुपये एकत्रित किए। पार्टी के भिक्षाटन से पूव रामबाग में हुई सभा में जिला संयोजक मनीष त्रिपाठी ने कहा कि योगी सरकार हर क्षेत्र में पूर्ण रूप से विफल है। आए दिन भाजपा की योगी सरकार में भ्रष्टाचार के मामले उजागर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में मासूम बच्चों कि मौत ने सरकार की व्यवस्था की पोल खोल दी है। बच्चों की मौत के बाद जिस तरह से कमीशनखोरी का राज सामने आया, उससे प्रदेश सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर कर दिया है। जिला कोषाध्यक्ष राजेश सिन्हा ने कहा कि प्रदेश से भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए आंदोलन में आम आदमी के कार्यकर्ता सबसे आगे की पंक्ति में खड़े रहेंगे। उन्होंने नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने के लिए जल्द ही जोरदार प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। सभा को संबोधित करते हुए प्रोफेसर बी सिंह ने कहा कि संवेदनहीनता की शिकार प्रदेश सरकार की बातों पर मृत बच्चों के माता पिता कैसे भरोसा करेंगे। कार्यक्रम में नागेंद्र कुमार, प्रदीप यादव, दीपक गोस्वामी, राजेश तिवारी, कमलेश यादव, शिव प्रसाद शर्मा, महेंद्र कुमार, अनिल कुुमार, रामेश्वर चौहान, चांद बाबू, मुन्नी बेगम, श्याम प्रताप आदि रहे।