मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक आवास के ठीक सामने नव निर्मित फतहां घाट पर हैंडओवर होने से पहले ही गंदगी शुरू हो गई है। घाट पर जगह-जगह व्याप्त गंदगी से उठने वाले दुर्गंध के कारण लोग कुछ देर भी नहीं रुक पा रहे हैं। दुर्गंध के कारण लोगों को कच्चे घाट पर स्नान करने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
नमामि गंगे परियोजना के तहत तहत करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से जनवरी 2022 में एक निजी फर्म की देखरेख में फतहां घाट का निर्माण शुरू कराया गया था। एक साल के अंदर निर्माण का काम पूरा कर दिया गया। पर्यटन की दृष्टि से घाट पर महिलाओं और पुरुषों के लिए वस्त्र बदलने से लगायत शौचालय आदि तक की व्यवस्था की गई है। घाट का निर्माण तो पूरा हो गया है, लेकिन हैंडओवर नहीं किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से एंटी रोमियो की टीम में शामिल एक महिला और एक पुरुष आरक्षी के अलावा होमगार्ड के जवान समेत कुल पांच सुरक्षाकर्मी सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक ड्यूटी करते देखे जा सकते हैं। नए साल में लोकार्पण की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन फरवरी माह बीत गया और अभी तक घाट हैंडओवर तक नहीं किया गया है। उधर, साफ-सफाई के अभाव में घाट पर गंदगी व्याप्त हो गई है। दुर्गंध के कारण वहां पहुंचने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।नव निर्मित फतहां घाट पर कुल सात स्थानाें पर सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। हालांकि ज्यादातर लोग प्रमुख गेट पास बने आई लव मिर्जापुर सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेते नजर आते हैंं। शाम के वक्त बिजली की रोशनी में घाट का नजारा देखते ही बनता है। हालांकि सीढि़यों से नीचे उतरते ही जगह-जगह गंदगी के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एडीएम नमामि गंगे देवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि स्वच्छता के प्रति हम सभी को सचेत रहना होगा। न हम गंदगी करें और न ही किसी दूसरों को करने दें। वैसे भी सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार की गंदगी करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रही बात फतहां घाट पर गंदगी की तो नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को मौके पर भेजकर साफ-सफाई की व्यवस्था कराई जाएगी।