अहरौरा। बोल्डर लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से अपने वलीमा के दिन दूल्हा सोमवार को शाम को घायल हो गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने इलाज के लिए हादसे में घायल दूल्हे को नरायनपुर स्थित निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां से उसे ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
खुटहा गांव निवासी इमरान अंसारी (19) पुत्र जमालुद्दीन की शादी रविवार को चंदौली के चकिया निवासी लड़की के साथ हुई। सोमवार को वलीमा की दावत के दिन रिश्तेदार को बाइक पर बैठाकर सोनबरसा पुल के पास छोड़ने इमलिया चट्टी जा रहे थे। रास्ते में जरगो जलाशय स्थित इमलिया चट्टी नहर इमामबाड़ा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बोल्डर लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया। इस हादसे इमरान अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे में घायल इमरान को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय पहुंचाया। जहां हालत बिगड़ने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय सोमवार की रात रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही वलीमा की खुशियां मातम में बदल गईं। ग्रामीणों ने बताया कि सोनपुर से ट्रैक्टर पर बोल्डर लोड कर इमलिया चट्टी के जरगो जलाशय मार्ग से होते हुए नहर के रास्ते जा रहा था। तभी यह हादसा हुआ। इमरान दो भाइयों में सबसे छोटे थे। बाइक मैकेनिक का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत हो गई है। चालक मौके से फरार है। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।