कार्तिक अष्टमी से एकादशी तक लगता है मेला, पांच राज्यों से पहुंचते हैं लाखों श्रद्धालु
- स्थानीय लोगों ने पर्यटन मानचित्र में मेले को शामिल करने की मांग की
अहरौरा। जरगो नदी के तट पर स्थित जंगल महाल गांव में बेचूबीर बाबा की चौरी पर कार्तिक अष्टमी से एकादशी तक लगने वाला मेला आस्था का बड़ा केंद्र है। मान्यता है कि बलशाली बेचू यादव तीन दिन और तीन रात तक बाघ से लड़ते रहे। इस संघर्ष में उनकी मृत्यु हो गई। घायल बाघ ने भी दम तोड़ दिया। उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार, उनके पुत्र रघुराई ने उसी स्थान पर उन्हें समाधि दी। आज यह स्थान बेचूबीर बाबा की चौरी के नाम से प्रसिद्ध है।
मेला व्यवस्थापक रोशनलाल यादव ने बताया कि बेचूबीर बाबा भगवान शिव के अनन्य उपासक थे। उनकी मुख्य पूजा कार्तिक दशमी की रात और एकादशी की भोर तीन से चार बजे के बीच उनके वंशज ब्रजभूषण यादव संपन्न कराते हैं। मान्यता है कि इसी समय बाबा के प्राण निकले थे। पूजा में पीली और सफेद धोती, नारियल, खड़ाऊं, मिठाई, फल-फूल और माला चढ़ाई जाती है। मुख्य पूजा के दौरान बकरे का कान काटकर चढ़ाने की परंपरा है, लेकिन उसकी बलि नहीं दी जाती।
छठी पीढ़ी के वंशज संभालते हैं व्यवस्था
बेचूबीर बाबा के छठी पीढ़ी के वंशज संतलाल यादव, ब्रजभूषण यादव और रोशनलाल यादव मेला प्रबंधन और पूजा की जिम्मेदारी संभालते हैं। तीनों सोनभद्र के मारकुंडी गांव के निवासी हैं। रोशनलाल यादव ने बताया कि मेले में करीब पांच लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। इतने बड़े आयोजन के बावजूद स्थल का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। उन्होंने मेले को प्रदेश के पर्यटन मानचित्र में शामिल कर इसका समुचित विकास कराने की मांग की है।
19 नवंबर को आएंगे राज्यमंत्री
मेला व्यवस्थापक ने बताया कि समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मेले में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। राज्यमंत्री 19 नवंबर की शाम पांच बजे मुख्य पूजा में शामिल होंगे।