- चंदा न देने पर सदस्यता होगी समाप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सभागार में शुक्रवार को अध्यक्ष अभयराज सिंह की अनुमति और सचिव जंग बहादुर सिंह के संचालन में आमसभा हुई। इसमें पूर्व कार्यकारिणी के सदस्यों की ओर से भेजी गए नोटिस, सदस्यों के मासिक चंदे और संघ की विभिन्न आवश्यकताओं पर चर्चा की गई। बैठक में पूर्व कार्यकारिणी के पांच सदस्यों को कार्यकारिणी सदस्य प्रमाण पत्र वापस करने के लिए नोटिस देने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक में पूर्व कार्यकारिणी सदस्य दिलीप कुमार पांडेय (उपसचिव प्रशासन) की ओर से नोटिस नहीं लेने और सूचना में नाम काटकर नाम लिखे जाने के मामले पर भी विचार किया गया। इसके बाद निर्णय लिया गया कि पूर्व कार्यकारिणी सदस्य दिलीप कुमार पांडेय, नीरज कुमार तिवारी (उपसचिव प्रकाशन), श्याम बिहारी तिवारी, सतीश कुमार सिंह और अवधेश कुमार द्विवेदी को 26 अगस्त तक अपने पूर्व कार्यकारिणी सदस्य प्रमाण पत्र संघ कार्यालय में वापस करने होंगे।
दिलीप कुमार पांडेय से सूचना में नाम काटकर अपना नाम लिखे जाने के मामले में प्रमाण पत्र के साथ क्षमा याचना पत्र भी देने को कहा गया है। निर्धारित समय तक प्रमाण पत्र वापस नहीं करने पर संघ की ओर से आवश्यक कार्रवाई किए जाने और संघ से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित कर दिया जाएगा।
इनसेट
31 अगस्त तक जमा करना होगा मासिक चंदा
आमसभा में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन सदस्यों का मासिक चंदा बकाया है, वे 24 से 31 अगस्त तक चंदा जमा कर दें। निर्धारित अवधि में चंदा जमा नहीं करने पर संबंधित की सदस्यता समाप्त मानी जाएगी। संघ से मिलने वाली सभी सुविधाएं स्वत: समाप्त हो जाएंगी।
नीरज तिवारी ने घटना से जताई असहमति
पूर्व कार्यकारिणी सदस्य नीरज कुमार तिवारी ने नोटिस के जवाब में कहा कि संबंधित समय वह अस्पताल में थे, इसलिए उन्होंने यह कृत्य नहीं किया। उन्होंने कहा कि जिसने भी ऐसा किया है, वह निंदा का पात्र है और वह इस कृत्य की घोर निंदा करते हैं।