पटेहरा। खाते से एक हजार के बदले 10 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी मिलने पर बैंक पहुंची महिला ने हंगामा किया। महिला ने बैंक से लिखित शिकायत की।
लालगंज थाना क्षेत्र के बनकी गांव निवासी मंजू मंगलवार को दवा लेने के लिए पटेहरा पहुंची। पैसा निकालने के लिए पंजाब एंड सिंध बैंक पहुंची महिला ने तीन हजार रुपये के लिए फार्म भरा। लेकिन कैशियर ने बताया कि खाते में मात्र 14 सौ रुपये ही हैं। महिला ने बैंक मित्र से पूछा तो बैंक मित्र ने अपना पल्ला झाड़ लिया। जानकारी मिलने के बाद उसके पति ने बैंक पहुंचकर पत्नी के खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो देखा कि नौ दिसम्बर को एक हजार के बदले 10 हजार रुपये निकाले गय हैं। जिसकी लिखित शिकायत महिला ने बैंक में की। इसी प्रकार लगभग छह माह पहले भी एक बैंक मित्र द्वारा पटेहरा निवासी एक महिला के खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिये गये थे। उस मामले में 20 दिन बाद जब महिला ने बैंक पहुंच कर हंगामा किया तो उसके खाते में 10 हजार रुपये जमा कराकर मामले को शांत कराया गया था। मामले में पंजाब एंड सिंध बैंक मैनेजर खुर्शीद ने बताया कि वह छुट्टी पर हैं। मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी।