चील्ह। थाना क्षेत्र के गड़गेड़ी गांव में मंगलवार की भोर में नवजात शिशु मिलने पर उसे महिला अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है।
क्षेत्र विवासी शीला देवी पत्नी गुलाब ने गड़गेड़ी मंदिर के पास नवजात शिशु को पड़ा देखकर उसे गोद में उठा लिया। नवजात शिशु मिलने की सूचना लोगों तक पहुंची तो मौके पर भीड़ लग गई। कई लोगों ने बच्चे के पालन की इच्छा व्यक्त की। इसी बीच किसी ने चील्ह पुलिस को सूचना दी। पुलिस नवजात शिशु को लेकर थाने पर आई। जहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। कुछ ग्रामीण बच्चे को लेने के लिए धनराशि देने को तैयार हो गए। काफी देर तक बहस के बाद चाइल्ड केयर को बच्चे को सौंप दिया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह पर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बच्चे को जिला अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के लिए भेज दिया गया। एंबुलेंस के चालक राहुल पटेल, राम सिंह व चाइल्ड केयर के सदस्य उसे जिला महिला अस्पताल ले गए।